कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, PM मोदी–CM योगी के पुतले फूंके, अधजले पुतले लेकर भागी पुलिस
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले में मंगलवार को राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब प्रयागराज में शंकराचार्य के साथ कथित अभद्रता के विरोध में जिला कांग्रेस और युवा कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन करने की कोशिश की।
हालात इतने बिगड़ गए कि पुलिस को अधजले पुतले लेकर मौके से हटना पड़ा।जानकारी के अनुसार, कांग्रेस और युवा कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ता शहर के छत्रसाल चौराहे पर एकत्रित हुए। हाथों में बैनर-पोस्टर लिए कार्यकर्ता “सनातन परंपराओं का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान” और “राम-राम” जैसे नारों के साथ प्रदर्शन कर रहे थे। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि प्रयागराज में शंकराचार्य के साथ की गई घटना न सिर्फ निंदनीय है, बल्कि यह सनातन संस्कृति और धार्मिक मर्यादाओं का सीधा अपमान है।
प्रदर्शन के दौरान जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी और सीएम योगी का पुतला जलाने की कोशिश की, मौके पर तैनात पुलिस ने हस्तक्षेप किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक और छीना-झपटी देखने को मिली। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने पुतलों को जब्त करने की कोशिश की, लेकिन तब तक पुतले आंशिक रूप से जल चुके थे। पुलिस कर्मी अधजले पुत
ले लेकर पीछे हटते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन ने वाटर कैनन का प्रयोग किया, इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी करते रहे। कुछ समय के लिए इलाके में तनाव का माहौल बन गया, हालांकि भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते बाद में हालात पर काबू पा लिया गया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष गगन यादव ने कहा कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन तेज करेगी। वहीं युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानवेन्द्र सिंह ने चेतावनी दी कि यह लड़ाई सनातन सम्मान की है और इसमें कोई समझौता नहीं होगा। फिलहाल पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शहर में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।