निर्माण कार्य की मामूली बात पर युवक पर टूट पड़े फौजी और उसके बेटे ! CCTV आया सामने
मोहल्ले में किये जा रहे निर्माण कार्य को लेकर शुरू हुए मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। जहाँ एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला कर दिया। पिटाई करने वाला कोई और नहीं बल्कि एक फौजी बताया जा रहा है। इस विवाद में उसके बेटों ने भी हाथ साफ़ कर दिए। और युवक को घसीटते हुए घर में ले जाकर बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी। घटना का हैरान कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें साफ़ तौर पर पिटाई होते हुए देखी जा सकती है।
घटना छतरपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आई है। बताया जा रहा है की वार्ड नंबर 16, घुसियाना मोहल्ले में निर्माण कार्य का मामूली विवाद देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है की एक फौजी और उसके बेटों ने मिलकर अपने पड़ोसी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। सामने आए विचलित करने वाले CCTV फुटेज में दिख रहा है कि करीब तीन लोग पड़ोसी को सड़क से घसीटते हुए अपने घर के भीतर ले गए और वहां उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इस हमले में पीड़ित गंभीर रूप से घायल और लहूलुहान हो गया।
जानकारी के मुताबिक घर में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गयी थी। जो मारपीट में बदल गई। घायल हालत में पीड़ित ने कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। जिस पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।