Sagar-गरीब कन्याओं का विवाह कर डोलियों से होगी विदाई, कर्मा देवी जयंती पर भव्य आयोजन
सागर की साहू धर्मशाला में साहू समाज युवा मंडल की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमे आगामी 15 मार्च को भव्य मां कर्मा देवी जयंती पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को लेकर चर्चा की गई, इस अवसर पर आयोजित होने वाले निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों को लेकर रुपरेखा बनाई गई।
बैठक में पदाधिकारियों ने बताया कि साहू समाज युवा मंडल पिछले तीन वर्षों से लगातार समाज की कन्याओं का निःशुल्क विवाह कराता आ रहा है और यह आयोजन इस वर्ष चौथे वर्ष में प्रवेश कर रहा है। अब तक युवा मंडल द्वारा कुल 23 कन्याओं का निःशुल्क विवाह कराया जा चुका है, जिसमें प्रथम वर्ष 4, द्वितीय वर्ष 11 एवं तृतीय वर्ष 8 कन्याएं शामिल रहीं।
रविवार की बैठक में यह अंतिम रूप से निर्णय लिया गया कि इस वर्ष कुल 11 कन्याओं का निःशुल्क विवाह कराया जाएगा, जिनमें 10 कन्याएं साहू समाज की एवं 1 कन्या अन्य समाज की होगी। सभी विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं भव्य आयोजन के साथ संपन्न कराए जाएंगे। बैठक में बताया गया कि पूर्व वर्षों की भांति इस बार भी विवाह उपरांत कन्याओं को डोली में विदा कर गाड़ियों के माध्यम से उनके घर तक पहुंचाया जाएगा। युवा मंडल ने स्पष्ट किया कि यह आयोजन केवल नाम से सम्मेलन है, जबकि वास्तविक रूप से विवाह घर जैसे पारिवारिक माहौल में सभी परंपराओं के अनुसार संपन्न कराए जाते हैं।