Sagar - कड़ाके की ठंड के बाद गज़ब का घना कोहरा, वाहन रेंगते आये नज़र
हाल ही में बीते दिनों सागर जिले में अचानक मौसम में बदलाव देखने को मिला था। जिसके बाद जिले भर में अलग-अलग जगहों पर बारिश देखने को मिली थी। जिसके बाद से लगातार मौसम में ठंडक बनी हुई है। वहीं सागर के बीना इलाके में भी गज़ब की ठंड पड़ रही है। करीब चार दिनों से पड़ रही कड़ाके की ठंड के बाद शनिवार और इससे पहले शुक्रवार को सुबह की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। जिससे लोगों को 50 मीटर दूर का वाहन भी बिना हैडलाइट्स के दिखाई नहीं दे रहा था। क्योंकि कोहरे की वजह से से दृश्यता 20 मीटर ही रह गई थी। ऐसे में जहां ट्रेनों पर इसका असर देखने को मिला तो वहीं मालथौन से निकले नेशनल हाईवे 44 पर भी वाहन रेंगते हुए नजर आए।
जनवरी महीने के आखिरी हफ्ते में अचानक से पड़ रही कड़ाके की ठंड से परेशान जनमानस को शुक्रवार और शनिवार को कोहरे ने और परेशान कर दिया। दिलचस्प बात यह है कि दिसंबर तक भले ही बहुत ज्यादा कड़ाके की ठंड न पड़ी हो। लेकिन जनवरी के आख़िरी हफ्ते से ठंड ने लोगों को ठिठुराया है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक ओले और बारिश से मौसम में आए बदलाव के कारण रात का तापमान गिर रहा है। दिन में शीतलहर चलने की आशंका है। कोहरे के कारण कई ट्रेनें देरी से स्टेशन पर पहुंची। वहीं इसके अलावा मौसम के जानकारों का ये भी कहना है की फरवरी महीने में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम में उतार चढ़ाव की संभावना भी जताई जा रही है।