Sagar - शिव बारात में चला रेडियम कटर, युवक को अस्पताल में कराया गया भर्ती पुलिस मौके पर
सागर जिले के देवरी नगर में रविवार रात शिव बारात के दौरान एक युवक पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा धारदार कटर से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह शिव बारात संकट मोचन परिवार के तत्वावधान में निकाली जा रही थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड के पास बारात के मार्ग में अन्ना कोष्टि नामक युवक पर अचानक अज्ञात युवक ने कटर से वार कर दिया गया। घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही समिति के सदस्यों ने तत्काल घायल युवक को देवरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी सहित प्रशासनिक अधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। घटना के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में समिति के सदस्यों व समर्थकों की बड़ी संख्या में भीड़ जमा हो गई। इस घटना को लेकर समिति के सदस्यों में रोष व्याप्त है।