Sagar-शराबबंदी को लेकर महिलाओं का फूटा गुस्सा, लाठियां लेकर निकली शराबबंदी रैली
सागर जिले के खुरई क्षेत्र के बांदरी थाना अंतर्गत दुगाहाकलां गांव में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा सड़कों पर दिखाई दिया। गांव में लंबे समय से चल रही अवैध शराब बिक्री से परेशान दर्जनों महिलाएं और कुछ पुरुष हाथों में लाठियां लेकर सड़क पर उतर आए। ग्रामीणों ने जोरदार नारेबाजी करते हुए गांव में शराब बिक्री पूरी तरह बंद कराने की मांग की।
ग्रामीण इलाकों में फैलते अवैध शराब के कारोबार ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। दुगाहाकलां की महिलाओं का कहना है कि शराब की वजह से सबसे ज्यादा असर परिवारों पर पड़ रहा है। कई घरों में पुरुष शराब पीकर लौटते हैं और पत्नी-बच्चों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करते हैं। इससे घरेलू हिंसा, आर्थिक तंगी और सामाजिक तनाव लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से अवैध शराब का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। महिलाओं ने कहा कि जब हालात बेकाबू हो जाएं, तो समाज को खुद आगे आना पड़ता है। इसी मजबूरी में उन्हें रैली निकालनी पड़ी।
रैली के दौरान महिलाओं ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अवैध शराब पर रोक नहीं लगाई गई, तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि शराब माफिया खुलेआम कारोबार कर रहे हैं और उन्हें कानून का कोई डर नहीं है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन इस जनआक्रोश को गंभीरता से लेते हुए अवैध शराब के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई करेगा, या फिर ग्रामीणों को अपने हक के लिए और बड़ा संघर्ष करना पड़ेगा?
फिलहाल गांव में माहौल गरम है और सबकी नजर प्रशासनिक कदमों पर टिकी हुई है।