अवैध कनेक्शन काटने गई बिजली टीम को घेरकर हमला, महिलाओं ने की पिटाई
एक कहावत है की चोरी ऊपर से सीना जोरी, कुछ इसी तरह का एक मामला भी दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र से सामने आया। जहां अवैध कनेक्शन काटने गयी बिजली विभाग की टीम पर लोगों ने हमला बोल दिया। जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं। आरोप है की मोहल्ले वालों ने पहले मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इसके बाद पत्थरों से भी हमला किया गया। जिसमें कुछ कर्मचारी चोटिल हुए हैं। इसके बाद कर्मचारियों की तरफ से सम्बंधित लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की गयी है।
यह पूरी घटना दमोह जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत गढ़ी मोहल्ला इलाके से सामने आई है। जहां इलाके में हो रही बिजली चोरी से परेशान बिजली कर्मचारियों ने जब इलाके में जाकर अवैध रूप से तार डालकर की जा रही चोरी के कनेक्शन काटना शुरू किए। तो वहां की महिलाओं और लोगों ने बिजली कर्मचारियों से बदसलूकी करते हुए मारनपीट शुरू कर दी। साथ ही गाली गलौज भी की गयी। आरोप है की इस दौरान लोगों ने पत्थरबाजी भी की। बिजली विभाग के कर्मचारी बमुश्किल जान बचाकर भागे। जिसके बाद कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। साथ ही पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
शिकायत के बाद पुलिस ने अलग-अलग धाराओं में महिलाओं समेत सात लोगों पर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। मामले में कार्यपालन अभियंता एम.एल साहू ने जानकारी देते हुए कहा की जिन पर कार्यवाई की गयी है उन लोगों के कनेक्शन ही नहीं थे। वहीं दमोह सीएसपी एच. आर.पांडे ने बताया की जांच की जा रही है।