सागर- भतीजे ने चाचा की ह त्या के मामले में परिजनों ने किया श व रखकर चक्का जाम, पत्नी अस्पताल में
मध्य प्रदेश के सागर में कोतवाली थाना क्षेत्र के रानीपुरा इलाके में हुई हत्या ने शहर को दहला दिया है। गुस्साए परिजनों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। जानकारी के मुताबिक, 55 वर्षीय चंद्रलेश चौरसिया, जो गणेश मंदिर के पास समोसे की दुकान चलाते थे, बुधवार रात घर के बाहर खड़े थे। तभी तीन से चार बदमाश अचानक पहुंचे और कटर जैसे धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया। गला और शरीर पर कई वार किए गए।
शोर सुनकर उनकी पत्नी शशि उर्फ प्रेमबाई चौरसिया बीच-बचाव के लिए बाहर आईं, लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान चंद्रलेश की मौत हो गई, जबकि पत्नी का इलाज जारी है। मृतक के बेटे राजा चौरसिया ने बताया कि वह दुकान बंद कर रहा था, तभी हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। वह चिल्लाता रहा, लेकिन आरोपी नहीं रुके। परिवार का आरोप है कि शैलेश चौरसिया और उसके साथी हमले में शामिल थे।
घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव रखकर चक्का जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी और कार्रवाई का आश्वासन दिया। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंघल के अनुसार, प्रारंभिक जांच में जमीन को लेकर विवाद सामने आया है। मृतक और एक आरोपी के परिवार के बीच हिस्सेदारी को लेकर तनाव चल रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ जारी है। सवाल यह है कि क्या जमीन विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं? शहर में इस वारदात को लेकर आक्रोश है और लोग जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।