अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़, 11 बोरी माल, मशीन और कच्चा सामान जब्त, संयुक्त टीम की बड़ी कार्रवाई
मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के नौगांव थाना क्षेत्र में पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गुटखा निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। यह छापा नयागांव स्थित एक मकान में मारा गया, जहां लंबे समय से तंबाकू मिश्रित गुटखा बनाने का गोरखधंधा चल रहा था। जानकारी के अनुसार, यह अवैध कारोबार नयागांव निवासी अरुण रिछारिया के मकान में संचालित किया जा रहा था, जबकि फैक्ट्री का संचालन राकेश गुप्ता नामक व्यक्ति कर रहा था। संयुक्त टीम ने देर शाम छापेमारी की। अंधेरे में मोबाइल टॉर्च की रोशनी में तलाशी ली गई, जहां से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद हुई।
कार्रवाई के दौरान टीम ने मौके से लगभग 11 बोरी तैयार गुटखा, गुटखा बनाने की मशीन, बड़ी मात्रा में कच्चा माल और पैकिंग सामग्री जब्त की। बताया जा रहा है कि यहां “चाचा जी” और “आशा मास्टर जी” नाम से गुटखा तैयार कर बाजार में सप्लाई किया जा रहा था। अधिकारियों ने तत्काल फैक्ट्री को सील कर दिया है और जब्त सामग्री को जांच के लिए भेजा गया है। खाद्य अधिकारी ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि अवैध गुटखा निर्माण और बिक्री के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
फिलहाल मकान मालिक और फैक्ट्री संचालक की तलाश जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह अवैध कारोबार किन-किन क्षेत्रों तक फैला हुआ था। नौगांव में हुई इस कार्रवाई से अवैध तंबाकू कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ संकेत दे दिए हैं कि अवैध खाद्य निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।