सागर- न्यू मॉडल होलिका! मोबाइल-छाता वाली प्रतिमा बनी शहर में चर्चा का केंद्र | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के देवरी में इस बार होलिका दहन सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि रचनात्मकता और आधुनिक सोच का प्रतीक बन गया है। शिक्षा सदन चौराहे पर महाकाली गणेश उत्सव समिति द्वारा तैयार की गई होलिका की अनोखी प्रतिमा नगरभर में चर्चा का विषय बनी हुई है। सोशल मीडिया पर इसकी तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं और लोग इसे देखने के लिए खास तौर पर पहुंच रहे हैं। इस वर्ष भक्त प्रह्लाद की बुआ होलिका को आधुनिक न्यू मॉडल अंदाज में प्रस्तुत किया गया है। प्रतिमा में होलिका हाथ में मोबाइल फोन और छाता थामे नजर आ रही हैं। यह दृश्य परंपरा के साथ आज के दौर की झलक भी दिखाता है। साथ ही भक्त प्रह्लाद की प्रतिमा भी स्थापित की गई है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है।
समिति के सदस्य राहुल नामदेव और गोलू मिश्रा ने बताया कि इस बार की प्रतिमा को विशेष रूप से डिजाइन किया गया है। इसे जबलपुर की तर्ज पर आकर्षक रूप दिया गया है, ताकि युवा पीढ़ी भी इस आयोजन से जुड़ाव महसूस करे। उनका कहना है कि हर साल कुछ नया प्रस्तुत करना ही समिति की पहचान बन चुकी है। शिक्षा सदन चौराहे पर होलिका दहन का आयोजन पिछले 17 वर्षों से लगातार किया जा रहा है। इसकी शुरुआत वर्ष 2008 में हुई थी। तब से हर वर्ष यहां भव्य और अलग अंदाज में आयोजन होता है, जिसने इसे नगर का सबसे बड़ा और प्रतिष्ठित आयोजन बना दिया है।
देवरी नगर में लगभग 20 से 30 स्थानों पर होलिका दहन होता है, लेकिन शिक्षा सदन चौराहे का आयोजन सबसे भव्य माना जाता है। विधिवत पूजन-अर्चना के बाद रात्रि में होलिका दहन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। समिति के प्रमुख सदस्यों—राहुल नामदेव, दीपक नामदेव, राम अवतार प्रजापति, गोलू मिश्रा, विक्की नामदेव, अमित रैकवार, बंटी खत्री, उमेश सेन, सोनू सावलानी, पवन लखेरा, अमर नामदेव और हर्ष नामदेव—की मेहनत इस आयोजन को खास बना रही है। आधुनिकता और परंपरा के इस संगम ने देवरी की होलिका को इस बार सचमुच “टॉक ऑफ द टाउन” बना दिया है।