फसल के बीच की जा रही थी अ-फीम की खेती, नज़ारा देख पुलिस दंग, 1 करोड़ से ज्यादा है कीमत
एक खेत में गुपचुप तरीके से अफीम की खेती की जा रही थी। लेकिन पुलिस को जब इस बात की भनक लगी तो बिना देर किये पुलिस मौके पर पहुंची। और नज़ारा देखकर खुद पुलिस भी हैरान रह गयी। अन्य फसलों के बीच करीब 3 एकड़ की जगह में अफीम की फसल लहलहा रही थी। जिसकी कीमत एक करोड़ रूपये से भी ज्यादा बताई जा रही है। तस्वीरें दमोह जिले के तेजगढ़ थाना क्षेत्र से सामने आई हैं। पुलिस ने खेत मालिक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है की फसलों के बेच छिपाकर अफीम को लगाया गया था। जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली तो टीम ने छापा मार कार्यवाई की।
जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला इमलिया चौकी अंतर्गत सुहेला पौड़ी गांव का है। बताया जा रहा है की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी की गांव के एक खेत में बड़े पैमाने पर नशीले पदार्थ की खेती की जा रही है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तेजगढ़ पुलिस ने टीम गठित कर दबिश दी। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने सामान्य फसलों के बीच छिपाकर उगाई गई अफीम की फसल को देखा तो अधिकारी भी दंग रह गए। करीब तीन एकड़ में फैली फसल को तत्काल जब्त कर पंचनामा कार्रवाई की गई। इसके बाद राजस्व और संबंधित विभागों की मौजूदगी में फसल नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
पुलिस ने खेत मालिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरूआती जांच में सामने आया की बिना वैध लाइसेंस के अफीम की खेती की जा रही थी। आरोपित के खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मामले में तेजगढ़ थाना प्रभारी अरविंद सिंह लोधी ने जानकारी दी।