गैस सिलेंडर की कालाबाजारी का भंडाफोड़, रिटायर्ड शिक्षक के घर से 25 सिलेंडर जब्त
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर शहर में गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी का एक बड़ा मामला सामने आया है। गैस की किल्लत के बीच एक रिटायर्ड शिक्षक के घर से घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध भंडारण पकड़ा गया है। प्रशासनिक टीम ने छापामार कार्रवाई करते हुए कुल 25 सिलेंडर जब्त किए हैं। दरअसल इन दिनों अंतरराष्ट्रीय हालात और मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध के कारण गैस आपूर्ति पर असर पड़ने की बात सामने आ रही है। ऐसे माहौल में कुछ लोग गैस की कमी का फायदा उठाकर कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं।
सूचना मिलने पर प्रशासनिक टीम ने छतरपुर शहर के वार्ड क्रमांक 3 स्थित विश्वनाथ कॉलोनी में छापा मारा। यहां रिटायर्ड शिक्षक श्यामलाल अहिरवार के घर से बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर बरामद किए गए। छापामार कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक टीम को घर में कुल 25 घरेलू गैस सिलेंडर मिले। इनमें से 3 सिलेंडर भरे हुए थे, जबकि बाकी सिलेंडर खाली पाए गए। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि नायब तहसीलदार शशांक जैन, खाद्य विभाग की टीम और कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इन सिलेंडरों का इस्तेमाल बाजार में ऊंचे दामों पर बेचने यानी कालाबाजारी के लिए किया जाना था। मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व और खाद्य विभाग ने रिटायर्ड शिक्षक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इधर प्रदेश में कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई को लेकर भी चर्चा बनी हुई है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.एस. शर्मा ने हाल ही में कहा था कि सरकार के निर्देशों के बाद कमर्शियल सिलेंडरों के वितरण पर काफी हद तक रोक लगाई गई है। फिलहाल प्रशासन इस पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अवैध भंडारण के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।