सागर- BJP की बड़ी बैठक,प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में कोर कमेटी ने बनाई चुनावी और संगठनात्मक रणनीति
सागर में भारतीय जनता पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। धर्मश्री स्थित जिला भाजपा कार्यालय में बुधवार को भाजपा जिला कोर कमेटी की बैठक प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी द्वारा विषय प्रस्तावना के साथ हुई। उन्होंने संगठन की वर्तमान गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। कोर कमेटी की इस बैठक में जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े संगठनात्मक मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
बैठक में खासतौर पर आगामी पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 को लेकर विस्तृत मंथन किया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने इस अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने और कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा और कार्यपद्धति से जोड़ने की रणनीति तैयार की। जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में प्रदेश महामंत्री एवं संभागीय प्रभारी गौरव रणदिवे, प्रदेश मंत्री एवं जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर, कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, सागर महापौर संगीता तिवारी और जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके साथ ही शहडोल संभाग प्रभारी गौरव सिरोठिया भी बैठक में शामिल हुए और संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। नेताओं ने आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर अपने सुझाव भी साझा किए। बैठक में यह भी तय किया गया कि पार्टी का प्रशिक्षण महाअभियान 2026 जिले के प्रत्येक मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी तरीके से पहुंचाया जाएगा, जिससे कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीतियों और विचारधारा की बेहतर समझ मिल सके।
प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सक्रियता और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया। बैठक के अंत में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।