सागर- चार दीवारी की ल-ड़ाई पहुंची थाने,बड़ा भाई पहुंचा अस्पताल, छोटे भाई-भाभी पर FIR
भ्रष्टाचार का मामला उजागर करना एक भाई को इतना महंगा पड़ा की खुद उसका सगा भाई ही उसके खिलाफ हो गया। घर की चार दीवारी की लड़ाई सड़कों पर नहीं बल्कि थाने तक जा पहुंची। दरअसल यह मामला सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र से सामने आया है जहां आरोप है की युवा भाजपा नेता आकाश ठाकुर ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर बड़े भाई और भाभी के साथ मारपीट कर दी। बड़े भाई को गंभीर हालत में सागर रेफर किया गया। वहीं युवा नेता पत्नी समेत थाने पहुंचे और मामले को राजनैतिक रंग देने की कोशिश करार बताया साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग की है। यह पूरी घटना बीना की नई बस्ती चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोदना गांव से सामने आई है।
फरियादी जितेंद्र सिंह ठाकुर के द्वारा की गयी शिकायत के मुताबिक वह रिश्तेदारी में गए हुए थे। आने में उन्हें समय लग गया और घर के सामने खड़े ट्रैक्टर की वजह से उनके छोटे भाई आकाश की गाड़ी अंदर नहीं आ सकी। इसी बात को लेकर आकाश ठाकुर अपनी पत्नी काजल गोस्वामी के साथ आए और अभद्र व्यवहार करने लगे। जब गाली गलौज करने से मना किया तो मारपीट करने लगे। घर के अंदर रखे पाइप से गर्दन और सिर पर वार कर दिया। जब पत्नी बचाने आई तो छोटे भाई की पत्नी ने भी उसकी पत्नी के साथ मारपीट कर दी। जिससे उनकी पत्नी को भी चोटें आई हैं। सिर और गर्दन में गंभीर चोटें आने पर जितेंद्र सिंह ठाकुर को सागर रेफर कर दिया गया है। जितेंद्र की रिपोर्ट पर आकाश ठाकुर और उनकी पत्नी काजल गोस्वामी पर पुलिस ने अलग-अलग धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
वहीं इसके अलावा मारपीट के मामले में युवा भाजपा नेता आकाश ठाकुर अपनी पत्नी काजल गोस्वामी के साथ बीना थाने पहुंचे और पुलिस को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है की ग्राम पंचायत गढ़ा में हुए भ्रष्टाचार को उजागर किया था। उसी मामले में उसके भाई को बहला फुसलाकर उस पर एफआईआर दर्ज कराई गयी है। MPPSC की तैयारी कर रही पत्नी का नाम भी उसमें जोड़ दिया। उन्होंने इसे राजनैतिक षड्यंत्र बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।-