सागर नहीं आएंगे मुख्यमंत्री मोहन यादव, गैस की किल्लत के चलते टाला गया कार्यक्रम
सागर के देवरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री मोहन यादव का प्रस्तावित कार्यक्रम एक बार फिर स्थगित हो गया है यानी की 14 मार्च को मुख्यमंत्री मोहन यादव अब सागर नहीं आ रहे हैं जबकि तीन दिन पहले ही उन्होंने ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम में आने का मंच से ऐलान किया था
बता दें कि वीरांगना दुर्गावती नौरादेही टाइगर रिजर्व में चीतों के लिए बनने वाले बाड़ों के भूमिपूजन का कार्यक्रम फिलहाल टाल दिया गया है। इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आने वाले थे। कुनो से 4 चीतों की टाइगर रिजर्व में शिफ्टिंग होना है। इसके लिए टाइगर रिजर्व के मुहली रेंज में 8 बाड़े बनाए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव का शनिवार को भूमिपूजन के अलावा यहां से निकली बामनेर नदी के चकई घाट पर कछुआ छोड़े जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसी सिलसिले में टाइगर रिजर्व, जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारी दौरा कर चुके हैं। तमाम तैयारियों के बीच अचानक टाले गए मुख्यमंत्री के दौरे को गैस की किल्लत के कारण बने हालात बताए जा रहे हैं। वन विभाग व प्रशासनिक के सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री टाइगर रिजर्व कब आएंगे अभी कोई तारीख तय नहीं है।
मुहली रेंज में चीतों को रखने सॉफ्ट रिलीज व क्वारेंटाइन बोमा (बाड़ा) तैयार कराए जा रहे हैं। इसके लिए 5 करोड़ रुपए का बजट मंजूर हुआ है। बाड़ा तैयार होने में 2-3 महीने का समय लग सकता है। बारिश के पहले यहां चीतों की शिफ्टिंग की प्लानिंग चल रही है।