Sagar- बोरवेल से निकलने लगी रहस्यमयी गैस... आग लपटें देख ग्रामीण हैरान
सागर जिले के बंडा में पेयजल के लिए करवाए गए बोर में अचानक ज्वलनशील गैस बाहर निकलने लगी। इसके बाद आग भड़क गई, जिससे ऊंची-ऊंची लपटे निकलने लगीं। नतीजे में आसपास भगदड़ मच गई। खैरियत रही कि बोर के पास किसी के नहीं होने से बडी दुर्घटना टल गई। दरअसल बंडा कस्बा के वार्ड 11 में विगत दिवस नया बोर करवाया गया है। इस नए बोर में शुक्रवार को अचानक तेज आवाज के साथ ज्वलनशील गैस का रिसाव होने लगा और फिर कुछ देर बाद ही आग भड़क गई। इस गैस के संपर्क में आग कैसे आई तो कोई कुछ बताने को तैयार नही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बंडा नगर के राधे आश्रम के आगे वार्ड-11 में एक नया निजी बोर बेल कराया गया था। इसमें से शुक्रवार सुबह अचानक गैस रिसाव की तेज आवाज आने लगी। बाद में आग के संपर्क में आने पर आग भड़क गई, जिसकी लपटें दूर से देखी जा सकती थी। इस पर आसपास रहने वालों को सावधान किया गया और पशुओं तक की आवाजाही रोकी गई। साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इस पर पुलिस और सहयोगी टीम ने मौके पर पहुंचकर आग को बुझाया। बता दें बंडा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के कई हैंडपंप एवं बोर से गैस रिसाव की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इससे किसान और बंडावासी बोर करवाने से डरने लगे हैं।