सागर- गढ़ाकोटा में होने जा रहा पंचकल्याणक महोत्सव, देश भर से जुटेंगे श्रद्धालु | SAGAR TV NEWS |
सागर जिले के गढ़ाकोटा स्थित पटेरिया जी जैन तीर्थ में 16 से 21 मार्च तक पंचकल्याणक महोत्सव का आयोजन किया जाना है। जिसकी भव्य तरीके से तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है की इसमें देश भर से श्रद्धालु जुटेंगे। बुन्देलखंड की आस्था और गौरव का केन्द्र दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पटेरिया जी में 16 मार्च से 21 मार्च 2026 तक 1008 श्रीमज्जिनेन्द्र जिनबिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा और गजरथ महोत्सव साथ ही विश्वशांति महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस धार्मिक महोत्सव में देशभर से जैन समाज के श्रद्धालु शामिल होंगे।
करीब 300 साल पुराना यह तीर्थ अपनी अनूठी भारतीय मंदिर वास्तुकला और भगवान पार्श्वनाथ की अद्भुत प्रतिमाओं के लिए प्रसिद्ध है। यहां एक ही वेदी पर भगवान पार्श्वनाथ की तीन दिव्य प्रतिमाएं-चिंतामणि, त्रिफर्णी और सांवलिया पार्श्वनाथ-विराजमान हैं। जिन्हें श्रद्धालु बेहद ही अतिशयकारी मानते हैं। बताया गया की इस महोत्सव में आचार्य श्री 108 विशुद्धसागर जी महाराज के मंगल सान्निध्य में पंचकल्याणक प्रतिष्ठा और कई सारे धार्मिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। आयोजन में जैन समाज के कई विद्वान और संत भी मौजूद रहेंगे।
यह आयोजन “पटेरिया वाले बाबा” के दरबार में होने जा रहा है। जिसे स्थानीय क्षेत्र में घुनघुनिया मंदिर के नाम से भी जाना जाता है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना ज़रूर पूरी होती है। इस आयोजन को लेकर पंचकल्याणक महोत्सव के मुख्य संयोजक आशीष जैन ने जानकारी दी।