Sagar- चुनावी रंजिश खूनी संघर्ष में बदली, पिता को पत्थर से मार डाला, पुलिस ने क्या बताया
सागर जिले में शादी में विवाद के बाद 5 लोगों ने मिलकर बाप-बेटे पर हमला कर दिया। आरोपियों ने साइकिल की चेन से पिटाई की। पत्थर से कुचलकर पिता की हत्या कर दी, जबकि बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बम्होरी तिगड्डा का है।
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान बाग खैजरा निवासी प्रदीप पांडेय (40) के रूप में की गई है, जबकि घायल बेटे का नाम रचित पांडेय (21) है। रचित को सागर अस्पताल से गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है। उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरे घाव हैं
रामअवतार के अनुसार, विवाद शांत होने के बाद शनिवार रात 12 बजे भाई प्रदीप पांडेय अपने बेटे रचित पांडेय के साथ बम्होरी तिगड्डा की ओर जा रहे थे। रास्ते में अनिल पांडेय ने अपने साथियों के साथ मिलकर रोक लिया। प्रदीप और रचित पर हमला कर दिया। घटना स्थल पर अभी भी बड़े-बड़े पत्थर पड़े हुए हैं।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान प्रदीप पांडेय की मौत हो गई, जबकि रचित पांडेय की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रदीप के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं।
सिविल लाइन थाना प्रभारी आनंद सिंह ने बताया कि प्रदीप पांडेय और अनिल पांडेय के बीच करीब 25 साल पुराना विवाद चला आ रहा है। दोनों परिवार पहले गांव के सरपंच पद के चुनाव में भी आमने-सामने रह चुके हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर अनिल पांडेय समेत पांच लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है