भाई की शादी के लिए बहन बनी चोर! और फिर 36 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा
चोरी का एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने सभी को हैरान कर दिया। यहां एक बहन ने अपने ही भाई की शादी के खर्च पूरे करने के लिए चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया। हालांकि पुलिस की तेजी के चलते महज 36 घंटे में इस पूरे मामले का खुलासा हो गया। यह मामला मध्यप्रदेश के इंदौर के परदेशीपुरा थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले दीपक पंचोली ने अपने घर से जेवरात चोरी होने की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ संदिग्धों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पुलिस का शक एक महिला ममता सोलंकी पर गया।
पुलिस ने ममता सोलंकी को हिरासत में लेकर जब सख्ती से पूछताछ की, तो उसने चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी महिला ने बताया कि उसके घर की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है और उसके भाई की शादी होने वाली है। शादी के खर्च पूरे करने के लिए उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने आरोपी महिला के पास से करीब ढाई लाख रुपये के जेवरात भी बरामद कर लिए हैं। बरामद सामान में मंगलसूत्र, आठ मोती की माला, कान के झुमके और मांग का टीका शामिल है। सभी जेवरात पुलिस ने जब्त कर लिए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पूरे मामले का खुलासा महज 36 घंटे में कर लिया गया। अब यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी महिला ने इससे पहले कहीं और भी चोरी की वारदात को अंजाम तो नहीं दिया। राजेश दंडोतिया, एडीसीपी का कहना है कि आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। यह घटना एक बार फिर यह सवाल खड़ा करती है कि आर्थिक तंगी और सामाजिक दबाव किस तरह लोगों को अपराध की राह पर धकेल सकता है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है