सागर- जंगल में पेड़ की जड़ खोदते युवक की मौ त! सागर में मिला 35 वर्षीय युवक का श व
एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां जंगल में पेड़ की जड़ खोदने गए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। देर शाम उसका शव जंगल में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह पूरा मामला मध्यप्रदेश के सागर जिले के देवरी थाना क्षेत्र अंतर्गत खतौला गांव के जंगल का है। जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय वृंदावन गौंड़ शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे घर से जंगल की ओर निकले थे। बताया जा रहा है कि वह जंगल में छेवला के पेड़ की जड़ खोदने के लिए गए थे।
लेकिन जब देर शाम तक वह वापस घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए। इसके बाद परिवार और ग्रामीणों ने मिलकर उनकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान ग्रामीण जंगल में पहुंचे, जहां उन्हें एक पेड़ के पास वृंदावन गौंड़ जमीन पर पड़े हुए मिले। पास जाकर देखा तो पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है। यह देख परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके से पुलिस को एक कुल्हाड़ी और गेंती भी बरामद हुई है। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि जिस पेड़ के पास युवक का शव पड़ा था, वहां की मिट्टी खुदी हुई थी, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह जड़ खोदने का काम कर रहा था।
परिजनों के मुताबिक वृंदावन गौंड़ पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे। उनकी तबीयत को देखते हुए डॉक्टर ने उन्हें भारी मेहनत वाला काम करने से भी मना किया था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को युवक के शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि काम करते समय उन्हें हार्ट अटैक आया होगा, जिससे उनकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।