सागर- शाम होते ही अंधेरे में डूब जाता है आधा गांव, 3 महीने से बिजली बंद,अंधेरे में जीवन !
सागर जिले के बीना क्षेत्र में लोग करीब तीन महीने से अँधेरे में रहने को मजबूर हैं। क्योंकि गांव का ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है। जिसे न तो सुधारा जा रहा है न ही उसे अब तक बदला गया है। शाम होते ही आधा गांव अंधेरे में डूब जाता है और सन्नाटा पसर जाता है। यह जो तस्वीरें आप अपनी स्क्रीन पर देख पा रहे हैं यह बीना विधानसभा क्षेत्र के बम्होरी खाड़ेरा गांव की हैं। जहां की आधी आबादी करीब तीन महीने से अंधेरे में रहने मजबूर है। गांव के लोग अपने ज़रूरी काम भी नहीं कर पा रहे हैं। वहीं बच्चे अंधेरे में दीयों के सहारे पढ़ने को मजबूर हैं। हालांकि बिजली न होने की दो मुख्य वजहें हैं। पहली ये की बड़ी संख्या में लोगों का बिल जमा नहीं है दूसरी ये की ट्रांसफार्मर ख़राब है।
बताया गया की गांव के कुछ लोगों ने तो बिजली का बिल भर दिया है। लेकिन अधिकांश लोगों ने अभी तक बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया है। जिस वजह से बिजली कंपनी ने इस गांव की आधी आबादी की बिजली काट दी है।
बिजली कटौती से जूझ रहे बम्होरी खाड़ेरा गांव के लोगों ने बताया कि गांव के स्कूल के पास लगा ट्रांसफार्मर करीब तीन महीने से खराब पड़ा हुआ है। कई लोगों ने तो बिजली का बिल भर दिया है लेकिन कुछ लोगों ने बिल नहीं भरा है। जिसका खामियाजा सभी को भुगतना पड़ रहा है। बिजली न होने से पीने का पानी, गेहूं पिसवाने और मोबाइल चार्ज की दिक्कत हो रही। रात के समय सो भी नहीं पा रहे हैं। कई बार अधिकारियों से कहने के बाद भी ट्रांसफार्मर नहीं सुधारा जा रहा। शाम होते ही आधे गांव की बस्ती अंधेरे में डूब जाती है। जीव-जंतुओं के निकलने से खतरा बना रहता है। कई बच्चों को दीये की रोशनी में बैठकर पढ़ाई करना पड़ रही है।------