सागर में जल सप्लाई ठप, 5 महीने से वेतन नहीं मिलने पर मजदूरों का काम बंद
सागर जिले के राहतगढ़ क्षेत्र में जल सप्लाई व्यवस्था पर बड़ा संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने वेतन नहीं मिलने से नाराज होकर काम बंद कर दिया है, जिससे नल-जल योजना पूरी तरह ठप हो गई है। मामला है। जहां जल सप्लाई का काम कर रही एल सी सी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के मजदूरों ने वेतन नहीं मिलने के विरोध में मोर्चा खोल दिया है। मजदूरों ने राहतगढ़ तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए बताया कि उन्हें पिछले 5 महीनों से वेतन नहीं मिला है। कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर राजवीर यादव हर बार वेतन देने के नाम पर टालमटोल करते हैं।
कर्मचारियों का कहना है कि उनसे 8 घंटे की बजाय 12 घंटे तक काम लिया जा रहा है, लेकिन न तो पूरा वेतन दिया जा रहा है और न ही समय पर भुगतान हो रहा है। इतना ही नहीं, वेतन की मांग करने पर नौकरी से निकालने की धमकी भी दी जा रही है। वेतन नहीं मिलने से नाराज मजदूरों ने बड़ा कदम उठाते हुए पूरे क्षेत्र की नल-जल योजनाएं बंद कर दी हैं। उनका साफ कहना है कि जब तक बकाया वेतन नहीं मिलेगा, तब तक काम शुरू नहीं किया जाएगा।
मजदूरों की हड़ताल से राहतगढ़ क्षेत्र में पानी की सप्लाई प्रभावित हो गई है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मजदूरों ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर उनका बकाया वेतन दिलाने और कंपनी के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। अब सवाल यह है कि आखिर कब तक मजदूरों को उनके हक के लिए संघर्ष करना पड़ेगा… और क्या प्रशासन समय रहते इस संकट का समाधान निकाल पाएगा?