10 गांवों के सैकड़ों ग्रामीणों ने थाने का किया घेराव, अवैध शराब के खिलाफ जनआक्रोश
अवैध शराब के बढ़ते कारोबार के खिलाफ अब ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा है। सैकड़ों की संख्या में महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर थाने का घेराव किया और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की। मामला है एमपी के सिवनी के बंडोल थाना क्षेत्र का, जहां कलारबाकी इलाके के 8 से 10 गांवों के करीब 400 से 500 ग्रामीण एकजुट होकर बंडोल थाना पहुंचे। ग्रामीणों ने अवैध शराब की बिक्री बंद कराने की मांग को लेकर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के कई गांवों में खुलेआम देसी और कच्ची शराब बेची जा रही है। हर गांव में 3 से 4 स्थानों पर अवैध शराब का कारोबार चल रहा है, जिससे गांव का माहौल बिगड़ता जा रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में शामिल महिलाओं ने बताया कि शराब के कारण घरों में आए दिन विवाद, झगड़े और आर्थिक समस्याएं बढ़ रही हैं। परिवारों का संतुलन बिगड़ रहा है और बच्चों पर भी इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करने वाला आबकारी विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहा है। ठेकेदारों और अवैध कारोबारियों को संरक्षण मिलने के कारण यह धंधा लगातार फल-फूल रहा है। ग्रामीणों ने साफ कहा है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो वे बड़ा जन आंदोलन शुरू करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
वहीं पुलिस ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सवाल यह है कि आखिर कब तक गांवों में अवैध शराब का जाल फैलता रहेगा… और क्या प्रशासन इस जनआक्रोश के बाद जागेगा?