Sagar - स्वास्थ्य मंत्री के प्रभारी जिले में बड़ा ब्लंडर, रिटायरमेंट छिपा कर CHMO करती रही दो साल नौकरी
सागर जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सीएमएचओ डॉक्टर ममता तिमोरी पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उन्हें सेवा से निवृत्त कर दिया गया है। यह आदेश संचालनालय, लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा, भोपाल द्वारा जारी किया गया है।
दरअसल, विभागीय जांच में सामने आया कि डॉ. तिमोरी ने निर्धारित 20 वर्ष की अनिवार्य क्लिनिकल सेवा पूरी नहीं की थी। रिकॉर्ड के मुताबिक उन्होंने केवल 17 वर्ष 5 माह की ही क्लिनिकल सेवा दी, जो नियमों के अनुसार पर्याप्त नहीं मानी गई।
आदेश में यह भी बताया गया है कि डॉ. तिमोरी 30 अप्रैल 2024 को 62 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी थीं, और नियमानुसार आवश्यक सेवा अवधि पूरी न होने के चलते यह कार्रवाई की गई।
इस पूरे मामले में शिकायतकर्ता सुमिता विश्वे का कहना है कि उन्होंने कुछ महीने पहले ही विभाग को लिखित शिकायत दी थी, जिस पर अब कार्रवाई हुई है। साथ ही उन्होंने भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों की भी जांच की मांग की है और उम्मीद जताई है कि उन पर भी जल्द कार्रवाई होगी।
डॉक्टर तिमोरी पर शासन से जानकारी छुपाने और नियमों का पालन नहीं करने के आरोप भी लगाए गए हैं।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है, और अब सभी की नजर आगे की जांच और संभावित बड़ी कार्रवाई पर टिकी है।