मक्का की आड़ में शराब तस्करी का भंडाफोड़, पुलिस ने 70 लाख की विदेशी शराब पकड़ी
मध्यप्रदेश के मंदसौर में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की भारी खेप पकड़ी है। नाहरगढ़ थाना पुलिस ने नापाखेड़ा-बिल्लोद रोड पर नाकाबंदी कर करीब 70 लाख रुपए कीमत की शराब जब्त की है, जिससे तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की संभावना है। दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक के जरिए अवैध शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस ने रणनीति बनाकर नापाखेड़ा-बिल्लोद रोड पर नाकाबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें मक्का के बोरे भरे हुए दिखाई दिए। लेकिन जब पुलिस ने गहराई से जांच की, तो मक्का के नीचे छिपाकर रखी गई 550 पेटियां अंग्रेजी शराब बरामद हुईं।
पुलिस के मुताबिक, जब्त की गई शराब करीब 6500 बल्क लीटर है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 70 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही जिस ट्रक में यह शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी, उसकी कीमत भी करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक चालक भरत रेबारी, निवासी पोरबंदर (गुजरात) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विनोद मीणा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल और एसडीओपी कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी वरुण तिवारी सहित पुलिस टीम की सतर्कता से यह बड़ी सफलता हाथ लगी है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई जा रही थी और इसे कहां खपाने की योजना थी। आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे एक बड़ा तस्करी गिरोह सक्रिय हो सकता है। इस कार्रवाई से साफ है कि पुलिस अब नशा तस्करों पर सख्त कार्रवाई के मूड में है और आने वाले दिनों में ऐसे और खुलासे हो सकते हैं।