जिला कोर्ट को उड़ाने की धमकी, 15 गैस बम का दावा, ई-मेल से मचा हड़कंप
मध्यप्रदेश के सतना में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब जिला न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल पहुंचा। इस मेल में दावा किया गया कि कोर्ट परिसर और जजों के दफ्तरों में 15 जहरीली गैस के बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1 बजे विस्फोट करेंगे। धमकी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने तुरंत कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को निर्देश दिए। इसके बाद बिना देर किए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को मौके पर भेजा गया और कोर्ट परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे कोर्ट परिसर को घेर लिया और हर कोने की बारीकी से जांच की जा रही है। वहीं एहतियात के तौर पर कोर्ट में मौजूद लोगों की आवाजाही पर भी नजर रखी जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फिलहाल किसी भी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन खतरे को देखते हुए कोई भी चूक नहीं बरती जा रही। इस धमकी का असर सिर्फ सतना तक ही सीमित नहीं रहा। मैहर, अमरपाटन सहित अन्य तहसील न्यायालयों में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। हर जगह डॉग स्क्वॉड और बम सर्चिंग इक्यूपमेंट के जरिए जांच की जा रही है।
इसी बीच बड़वानी जिला न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल मिलने से पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बड़वानी में न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया है और आसपास की दुकानों व चैंबर को भी बंद करवा दिया गया है। पूरे इलाके में पुलिस बल तैनात कर आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। पुलिस अब ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी है और साइबर टीम इस मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल प्रशासन हर एंगल से जांच कर रहा है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, लेकिन राहत की बात यह है कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।