8 लोगों की जान जाने के बाद फायर सेफ्टी अभियान,रोबोट समेत अन्य उपकरण खरीदेगा निगम
एमपी के इंदौर में बीते दिनों एक दिल को झकझोर देने वाली घटना हुई। जिसमें 8 लोगों की दुखद जान चली गयी। इस घटना से पूरा प्रदेश दहल गया। अब महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने शहर में फायर एनओसी को लेकर जागरूकता अभियान शुरू करने की बात कही है।
बीते दिन बुधवार को इंदौर के ब्रजेश्वरी एनएक्स कॉलोनी में हुई आगजनी की घटना में मनोज पुगलिया और उनके साले के परिवार के कुल आठ लोग इस हादसे का शिकार हुए थे। इस घटना के बाद शहर में बड़ी बिल्डिंगों, शॉपिंग मॉल्स और रहवासी सोसायटियों की फायर एनओसी पर सवालिया निशान उठने लगे हैं।
डेढ़ साल पहले इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने तत्कालीन निगमायुक्त और वर्तमान कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में विशेष टीम बनाकर शहर के कई बड़ी बिल्डिंगों, शॉपिंग मॉल्स और रहवासी सोसायटियों की फायर एनओसी की जांच पड़ताल शुरू की थी। शहर के करीब सौ से ज्यादा बिल्डिंग और मॉल्स पर चालानी कार्रवाई के साथ फायर सेफ्टी से जुड़े नियमों के तहत इक्यूपमेंट ठीक भी करवाए थे। इस दौरान जांच में कई जगहों पर फायर सेफ्टी के नाम पर सीज फायर खाली पाए गए थे। जिन पर बड़ा जुर्माना भी लगाया गया था। अब ब्रजेश्वरी एन एक्स की घटना के बाद शहर के बड़े भवनों की जांच पड़ताल शुरु की जा सकती है।
महपौर पुष्यमित्र भार्गव के मुताबिक शहर में फायर एनओसी को लेकर अभियान पहले भी चलाया गया था। लेकिन इस घटना के बाद फायर सेफ्टी पर फिर से ध्यान दिया जाना जरुरी है। शहर में सभी स्थानों पर चेकिंग की जाना अनिवार्य है। महापौर बोले की शहर में आग बुझाने के साधनों को बढ़ाने नए उपकरण खरीदने के टेंडर जारी किए जा चुके हैं। एक आग बुझाने का रोबोट भी खरीदा गया है जो आने वाले दिनों में शहर में आग बुझाने के दौरान काम में लिया जाएगा साथ ही बढ़ते हुए शहर के देखते हुए इंदौर में चार नए स्थानों का चयन किया गया है। जहां नए फायर स्टेशन बनाने को स्वीकृति दी गई है।------