सागर- ईदगाह पर गूंजा भाईचारे का पैगाम, नमाज के बाद गले मिलकर दी मुबारकबाद, अमन-चैन की दुआ
देशभर में ईद उल फितर का त्यौहार शनिवार को पूरे हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। सागर जिले के राहतगढ़ में भी ईद की रौनक देखते ही बन रही थी, जहां ईदगाह पर सुबह से ही नमाजियों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। सुबह 8 बजे ईदगाह में इन्हामुर रहमान साहब ने ईद की नमाज अदा कराई। इसके बाद 8:15 बजे जामा मस्जिद में कारी रिजवान साहब और 8:30 बजे मदीना मरकज मस्जिद में अतीक साहब ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद हजारों लोगों ने एक साथ देश में अमन-चैन, सुख-समृद्धि और भाईचारे की दुआ मांगी। नमाज के बाद ईदगाह का नजारा बेहद भावुक और खुशनुमा हो गया। लोग एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद देते नजर आए। हर तरफ “ईद मुबारक” की गूंज सुनाई दी। इसके बाद सेवइयों से मुंह मीठा कराने का सिलसिला शुरू हुआ, जो पूरे दिन चलता रहा।
रमजान के 30 रोजे पूरे होने के बाद ईद का चांद नजर आने की खबर ने मुस्लिम समाज में खुशी की लहर दौड़ा दी थी। शनिवार सुबह से ही बच्चे नए कपड़े और टोपी पहनकर ईदगाह पहुंचने लगे थे। बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। नमाज के बाद लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर पहुंचकर बधाई देने लगे। कई लोगों ने फोन के जरिए भी एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। घर-घर सेवइयों की मिठास और खुशियों का माहौल बना रहा। बच्चों के लिए ईद खास रही। बड़ों से मिली ईदी ने उनकी खुशी को और बढ़ा दिया। बच्चों ने ईदी से खिलौने और अपनी पसंद की चीजें खरीदीं। राहतगढ़ में मनाई गई यह ईद न सिर्फ एक त्योहार रही, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और एकता का संदेश भी दे गई, जिसने पूरे माहौल को खुशनुमा बना दिया।