Sagar - NH 44 पर बम्होरी बना सबसे बड़ा डेथ स्पॉट, आए दिन हो रही बड़ी घटनाएं, आमने-सामने आए दो ट्रक
सागर जिले में नेशनल हाईवे-44 पर बम्होरी बीका के पास शुक्रवार-शनिवार दरमियानी रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार दो कंटेनरों में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में एक कंटेनर का ड्राइवर स्टेयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया, जिसे ग्रामीणों और सिविल लाइन थाना पुलिस ने करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद कंटेनर की बाड़ी (केबिन) तोड़कर बाहर निकाला। बेहोशी की हालत में घायल ड्राइवर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिसकी फिलहाल पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है और मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर क्रमांक (HR 45 D 3263) शुक्रवार रात करीब 2 बजे सागर होते हुए नरसिंहपुर की ओर जा रहा था। तभी हाईवे पर बम्होरी बीका के पास सामने से आ रहे एक अन्य कंटेनर से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कंटेनर के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना के बाद हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई थी, जिसे पुलिस ने मौके से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर क्लीयर कराया। हादसे के बाद कंटेनर का ड्राइवर स्टेयरिंग में फंस गया था।
घटना देखकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल ड्राइवर को बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलने पर सिविल लाइन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
पुलिस और ग्रामीणों की मदद से कंटेनर की बाड़ी तोड़कर करीब 1 घंटे के बाद ड्राइवर को बाहर निकाला जा सका।