सागर- गढ़ाकोटा में गूंजा एकता का संदेश, सरदार पटेल एकता यात्रा का भव्य स्वागत, धरोहरों ने मोहा मन
सागर जिले के गढ़ाकोटा में सरदार वल्लभभाई पटेल एकता यात्रा का भव्य और उत्साहपूर्ण स्वागत किया गया। सर्व समाज को एकजुट करने के उद्देश्य से निकाली गई इस यात्रा ने शहर में एक अलग ही माहौल बना दिया, जहां हर ओर देशभक्ति और एकता का संदेश गूंजता नजर आया। यह यात्रा 5 तारीख को गुजरात से रवाना हुई थी, जिसे मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हरी झंडी दिखाकर शुरुआत की थी। मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए जब यह यात्रा गढ़ाकोटा पहुंची, तो सरदार वल्लभभाई पटेल स्टेडियम में नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा के स्वागत के लिए पूरा शहर मानो उत्सव में डूब गया था। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच लोगों ने इस यात्रा का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान युवा नेता अभिषेक भार्गव भी यात्रा में शामिल हुए और उन्होंने लोगों से सामाजिक समरसता और एकता बनाए रखने की अपील की।
इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण वह विशेष रथ रहा, जिसमें सरदार वल्लभभाई पटेल से जुड़ी ऐतिहासिक और दुर्लभ धरोहरों का प्रदर्शन किया गया। इनमें उनकी प्रतिमाएं, चरण पादुकाएं, कारावास के समय उपयोग किया गया संदूक, लगभग 3 किलो का सुवर्ण अशोक स्तंभ, ग्वालियर लश्कर द्वारा दिया गया सम्मान पत्र और उनकी निजी पॉकेट घड़ी शामिल रही। इन धरोहरों को देखने के लिए लोगों में खासा उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में कुर्मी समाज की उल्लेखनीय भागीदारी रही। समाज के कई प्रमुख पदाधिकारी और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में मौजूद रहे, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। इस एकता यात्रा का मुख्य उद्देश्य समाज में भाईचारा, अखंडता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना है। गढ़ाकोटा में जिस तरह से इस यात्रा का स्वागत हुआ, उसने यह साबित कर दिया कि आज भी लोग एकता और समरसता के संदेश को दिल से स्वीकार करते हैं।