फिल्मी अंदाज में भूसे की बोरियों में छिपा 1.22 करोड़ का डोडाचूरा जब्त, नशे की तस्करी फेल
मध्य प्रदेश के आगर मालवा से एक ऐसी कार्रवाई सामने आई है, जिसने नशे के तस्करों के नए-नए हथकंडों की पोल खोल दी है। पुलिस ने फिल्मी अंदाज में की जा रही तस्करी का पर्दाफाश करते हुए करोड़ों रुपए का डोडाचूरा जब्त किया है। दरअसल, आगर कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक कंटेनर ट्रक में अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने आगर-सारंगपुर मार्ग स्थित गणेश घाटी पर घेराबंदी की और संदिग्ध ट्रक को रोक लिया। जब पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली, तो पहले तो सब सामान्य नजर आया, लेकिन जैसे ही बोरियों को हटाया गया, पुलिस भी हैरान रह गई। भूसे और सोयाबीन की बोरियों के बीच बड़ी चतुराई से करीब 6 क्विंटल 13 किलो डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था।
इस दौरान पुलिस ने मौके से आरोपी विकर सिंह भुल्लर, निवासी पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कंटेनर के जरिए इस अवैध माल को मध्य प्रदेश से पंजाब ले जाने की फिराक में था। जब्त किए गए डोडाचूरा की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 72 हजार रुपए आंकी गई है। वहीं ट्रक, मोबाइल और अन्य सामान मिलाकर कुल जब्ती करीब 1 करोड़ 53 लाख रुपए से अधिक की बताई जा रही है। मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए हमने कंटेनर से बड़ी मात्रा में डोडाचूरा बरामद किया है।
मामले में एक आरोपी गिरफ्तार किया गया है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है। पुलिस अब इस बात की जांच में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और यह नेटवर्क कितना बड़ा है। आशंका जताई जा रही है कि यह संगठित गिरोह लंबे समय से इस तरह की तस्करी में सक्रिय था। कुल मिलाकर, पुलिस की इस कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि अपराधी भले ही कितनी भी चालाकी क्यों न बरतें, कानून के हाथ उनसे कहीं ज्यादा लंबे हैं। अब देखना होगा कि इस नेटवर्क के और कितने चेहरे सामने आते हैं।