रेत माफिया का खौफनाक हमला ! पुलिस गाड़ी में मारी टक्कर, आरक्षक पहुंचे अस्पताल और फिर
एमपी के मुरैना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां रेत माफिया के हौसले इस कदर बुलंद हो गए कि उन्होंने पुलिस टीम पर ही हमला कर दिया। कार्रवाई के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली से पुलिस वाहन को टक्कर मार दी गई, जिसमें एक प्रधान आरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना दिमनी थाना क्षेत्र के बरेथा के चक्रपान का पुरा गांव की है, जहां रविवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस टीम अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी। पुलिस ने चेकिंग पॉइंट लगाकर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की थी।
इसी दौरान रेत से भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली वहां पहुंचा। पुलिस ने जैसे ही उसे रोकने का इशारा किया, चालक ने वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया और सीधे पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत पीछा किया और करीब 50 मीटर दूर जाकर उसे पकड़ लिया। आरोपी की पहचान संतोष परमार के रूप में हुई है, जो मृगपुरा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
इस हमले में प्रधान आरक्षक सुदामा रजक के सिर में गंभीर चोट आई है, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं क्षतिग्रस्त पुलिस वाहन को डायल 112 की मदद से थाने लाया गया। सूत्रों के मुताबिक, स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को फायरिंग भी करनी पड़ी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, अवैध खनन और खनिज अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। एसडीओपी विजय भदौरिया के मुताबिक, मामले की जांच जारी है और आगे की कार्रवाई एमएलसी रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर रेत माफिया के बढ़ते आतंक और कानून व्यवस्था को चुनौती देने की तस्वीर सामने रख दी है।