सागर- बाइक को टक्कर मार, घसीटते ले गया बस चालक, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
सागर से एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। जहां एक बस चालक ने पहले एक बाइक सवार को टक्कर मारी इसके बाद वह उसे करीब 300 मीटर घसीटते हुए ले गया। जिससे उसकी बुरी तरह जान चली गयी। जिसके बाद गुस्साए परिजनों ने डेड बॉडी रखकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया। जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाइश दी। यह पूरी घटना सागर जिले के खुरई थाना अंतर्गत गोलनी गांव से सामने आई है। बताया जा रहा है की बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज सागर की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार को पीछे से टक्कर मार दी। बस चालक बाइक सवार को करीब 300 मीटर घसीटते हुए ले गया था।
जानकारी के मुताबिक गोलनी गांव निवासी अरविंद अहिरवार जो फसल कटाई के लिए हार्वेस्टर की बात करने बाईक से धनोरा गांव जा रहे थे। तभी गांव से कुछ ही दूरी पर पहुंचे थे कि पीछे से आ रही बुंदेलखंड मेडीकल कॉलेज सागर की बस के चालक ने तेज और लापरवाही से बस चलाते हुए जोरदार टक्कर मार दी। और उसे घसीटता चला गया। वहीं घटना के बाद बस चालक मौके से भाग निकला। लेकिन खुरई के भूतेश्वर रेलवे फाटक बंद होने से लोगों ने उसे पकड़ लिया। पीएम के बाद डेड बॉडी परिजनों के सुपुर्द कर दी गई। परिजन नगर पालिका के शांति वाहन से डेड बॉडी लेकर गोलनी गांव के पास घटना स्थल पर पहुंचे। जहां ग्रामीणों और परिजनों ने खुरई-रजवांस रोड पर डेड बॉडी रखकर चक्काजाम लगा दिया। इस बात की सूचना लगते ही तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार, खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह, शहरी थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचा। कई मांगों को लेकर चक्काजाम किया जा रहा था। जिसको लेकर तहसीलदार डॉ. राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा गया। आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने चक्काजाम खोला। इस दौरान करीब डेढ़ घंटे तक राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।------