सागर- बीना में संदिग्ध हालात में युवक की मौ त! रास्ते में तोड़ा दम और फिर
मध्यप्रदेश के सागर जिले के बीना क्षेत्र से एक दर्दनाक और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जहां एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने अज्ञात कारणों के चलते कोई जहरीला पदार्थ खा लिया, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक और हैरानी का माहौल बना हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, खिमलासा थाना क्षेत्र के जेरूआ गांव निवासी मनीष अहिरवार ने गांव में ही किसी अज्ञात पदार्थ का सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने के बाद वह किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को बताया कि उसने कुछ खा लिया है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया और परिजन तुरंत उसे बीना के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे।
सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने युवक की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल सागर रेफर कर दिया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस के माध्यम से मनीष को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही खुरई के पास उसकी हालत और बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, मनीष गंजबासौदा में एक होटल पर काम करता था और करीब एक सप्ताह पहले ही छुट्टी लेकर अपने गांव आया था। परिवार का कहना है कि उसे किसी प्रकार की कोई परेशानी या तनाव नहीं था, जिससे वह ऐसा कदम उठाए। यही वजह है कि उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक ने आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया, यह अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने की कोशिश कर रही है।