Sagar-पत्नी को जिंदा जलाकर कितना मासूम बन रहा डॉक्टर, जेल जाने से पहले क्या बोला देखिए SAGAR TV NEWS
मध्यप्रदेश के सागर जिले में 21 मार्च की रात हुई सनसनीखेज घटना ने अब नया मोड़ ले लिया है। कार में जलकर हुई महिला सीमा की मौत अब एक बड़े रहस्य में बदलती जा रही है। इस मामले में आरोपी पति डॉ. नीलेश कुर्मी और उसके दो साथियों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। जेल जाने से पहले मीडिया के सामने आरोपी डॉक्टर ने खुद को बेगुनाह बताते हुए बड़ा दावा किया। उसने कहा कि उसकी पत्नी की मौत हत्या नहीं, बल्कि हार्ट अटैक से हुई थी। डॉक्टर के मुताबिक, पत्नी को अचानक पसीना आने लगा, जिससे हार्ट अटैक की आशंका हुई और वह उसे तेज रफ्तार में अस्पताल लेकर जा रहा था।
उसने बताया कि रास्ते में पत्नी की हालत और बिगड़ गई, उसकी सांसें धीमी हो गईं और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। डॉक्टर ने कार में आग लगाने और साजिश रचने के सभी आरोपों से इनकार किया है। लेकिन पुलिस की जांच कहानी कुछ और ही बयां कर रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने पहले ही साजिश रच ली थी। वारदात से पहले घर के सीसीटीवी कैमरे और लाइट बंद कर दी गई थीं, जिससे शक और गहरा गया है। पुलिस ने डीवीआर जब्त कर लिया है और यह जांच की जा रही है कि कहीं फुटेज डिलीट तो नहीं किया गया।
इसके अलावा पुलिस ने आरोपी के मोबाइल फोन को भी जब्त कर लिया है और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। आशंका है कि इस मामले में और भी लोग शामिल हो सकते हैं। घटना के समय कार में तीनों आरोपी मौजूद थे, जबकि महिला पीछे की सीट पर थी। हैरानी की बात यह है कि कार में आग लगने के बावजूद तीनों आरोपी सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि महिला की जलकर मौत हो गई।
पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने पूछताछ में अपराध कबूल कर लिया है और यह पूरी वारदात सुनियोजित तरीके से अंजाम दी गई। हालांकि, महिला की मौत का असली कारण पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगा। अब सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह हार्ट अटैक था या एक सोची-समझी साजिश? जांच जारी है और हर कोई सच सामने आने का इंतजार कर रहा है।