Sagar- बैठक में 175 प्रस्ताव पास! 7 करोड़ के विकास कार्यों को हरी झंडी, 15 दिन का अल्टीमेटम
मध्यप्रदेश के सागर जिले के राहतगढ़ नगर परिषद में आयोजित साधारण सभा की बैठक में विकास कार्यों को लेकर बड़े फैसले लिए गए। परिषद के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता नगर परिषद अध्यक्ष प्रियंका गोलू राय ने की। बैठक की शुरुआत निर्धारित एजेंडा के अनुसार हुई, जिसमें एक-एक कर सभी बिंदुओं पर चर्चा की गई। इस दौरान कुल 175 प्रस्तावों को परिषद के सदस्यों के सामने रखा गया, जिन्हें सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। इन प्रस्तावों के जरिए नगर में करीब 7 करोड़ रुपए के विकास कार्यों को मंजूरी दी गई है।
हालांकि बैठक के दौरान वर्ष 2024-25 में पास किए गए कुछ प्रस्तावों पर अब तक काम शुरू नहीं होने को लेकर अध्यक्ष और पार्षदों ने नाराजगी जाहिर की। पार्षदों ने अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए जल्द काम शुरू करने की मांग की। इस पर अध्यक्ष प्रियंका गोलू राय ने सख्त रुख अपनाते हुए अधिकारियों को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, उन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर काम शुरू किया जाए। यदि ऐसा नहीं हुआ तो परिषद में तालाबंदी कर पार्षदों के साथ धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बैठक में मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उनका कहना था कि परिषद द्वारा पास किए गए सभी प्रस्तावों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और जल्द ही विकास कार्यों की शुरुआत सुनिश्चित की जाएगी। इस बैठक में पार्षद राजू अहिरवार, दीपक जैन, सुमन खटीक, नईम मंसूरी, नीलू ताम्रकार, अफसरी शाह, शाहजहां बी, प्रवीण गोस्वामी, सीता भारती सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। राहतगढ़ नगर परिषद की इस बैठक को शहर के विकास के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि तय समयसीमा में विकास कार्य जमीन पर उतरते हैं या नहीं।