MP में बम धमकी से हड़कंप ! पासपोर्ट ऑफिस और डाकघरों को उड़ाने की चेतावनी, पुलिस अलर्ट
मध्यप्रदेश में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पासपोर्ट कार्यालयों और डाकघरों को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल सामने आया। इस धमकी के बाद जबलपुर और भिंड समेत कई जिलों में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। जबलपुर के सिविल लाइन स्थित पासपोर्ट कार्यालय में ईमेल मिलने के बाद तुरंत कर्मचारियों को बाहर निकाला गया और पूरे परिसर को खाली करा दिया गया। सूचना मिलते ही बम डिस्पोज़ल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।
करीब 45 मिनट तक चली इस जांच के दौरान ऑफिस के हर कोने को खंगाला गया। पास के पोस्ट ऑफिस में भी जांच की गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। बताया जा रहा है कि यह धमकी सिर्फ जबलपुर तक सीमित नहीं थी, बल्कि भिंड समेत भोपाल और अन्य जिलों के पासपोर्ट व डाकघरों को भी ईमेल के जरिए भेजी गई थी। भिंड में भी हनुमान बजरिया स्थित पोस्ट ऑफिस को खाली कराकर बम स्क्वॉड ने गहन जांच की।
बम स्क्वॉड प्रभारी पंकज सिंह ने बताया कि आने-जाने वाली हर चीज की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कोई खतरा नहीं मिला। वहीं पासपोर्ट ऑफिस इंचार्ज विनीत राणा के अनुसार, ईमेल मिलते ही कंट्रोल रूम को सूचना दी गई और तुरंत सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई। धमकी भरे ईमेल में दोपहर 12:10 बजे हमले की बात कही गई थी, जिससे प्रशासन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, फिलहाल यह धमकी अफवाह या शरारती तत्वों की हरकत मानी जा रही है।पुलिस अब साइबर टीम की मदद से ईमेल भेजने वाले की तलाश में जुटी है। पूरे प्रदेश में सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।