MP के इस में गूंजी पहली बार ट्रेन की सीटी! सतना-पन्ना रेल परियोजना से खुलेंगे विकास के नए रास्ते
मध्यप्रदेश के सागर संभाग के पन्ना जिले के लिए 25 मार्च का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब पहली बार इस धरती पर ट्रेन की सीटी गूंजी। वर्षों के लंबे इंतजार के बाद नागौद और फुलवारी के बीच सफल ट्रायल रन के साथ पन्ना में रेल युग की शुरुआत हो गई है। कमिश्नर ऑफ रेलवे सेफ्टी की मौजूदगी में हुए इस ट्रायल को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे। जैसे ही ट्रेन पटरी पर दौड़ी, लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने लायक था। कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल में कैद किया, तो कुछ ने इसे पन्ना के विकास की नई शुरुआत बताया।
यह बहुप्रतीक्षित सतना-पन्ना रेल परियोजना करीब 74 किलोमीटर लंबी है, जिसे पन्ना के लिए एक गेम चेंजर माना जा रहा है। यह परियोजना ललितपुर-सिंगरौली रेल लाइन का हिस्सा है, जो क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी। अब तक इस परियोजना के तहत 45 किलोमीटर ट्रैक का निर्माण पूरा हो चुका है। साथ ही प्रस्तावित 7 स्टेशनों में से 4—करही, बरेठिया, नागौद और फुलवारी—का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, परियोजना का काम अंतिम चरण में है। कुछ हिस्सों में कार्य जारी है, जिसमें टनल और स्टेशन निर्माण शामिल है। लक्ष्य है कि दिसंबर 2026 तक पूरा प्रोजेक्ट तैयार कर लिया जाए। इस परियोजना की खास बात यह भी है कि पन्ना रेलवे स्टेशन को डायमंड की डिजाइन में बनाया जा रहा है, जो इस जिले की पहचान—हीरे—को दर्शाएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेशन आने वाले समय में आकर्षण का केंद्र बनेगा। यह सिर्फ एक ट्रेन का ट्रायल नहीं, बल्कि पन्ना के विकास, रोजगार और कनेक्टिविटी के नए युग की शुरुआत है। अब उम्मीद है कि यह रेल परियोजना जिले को देश के बड़े शहरों से जोड़कर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।