फिर उड़ी अफवाह, ख़त्म होने वाला है डीजल-पेट्रोल, डिब्बों और ड्रमों में पेट्रोल भरवाने पहुंचे लोग !
मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध की वजह से आम लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। पहले लोगों को LPG गैस सिलेंडर के लिए परेशान होना पड़ा। वहीं अब पेट्रोल डीजल की मारामारी देखने को मिल रही है। आलम ये है की स्टॉक न होने से कुछ पेट्रोल पंप बंद भी हैं। इसी तरह की अफवाह ने एमपी के पन्ना जिले में भी जोर पकड़ा। जहां पेट्रोल डीजल के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। जिससे पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़भाड़ देखने मिली। दरअसल ईंधन खत्म होने की एक छोटी सी अफवाह ने पन्ना में ऐसी अफरा-तफरी मचाई की लोग अपनी गाड़ियों के साथ-साथ बड़े-बड़े डिब्बे लेकर पंपों पर टूट पड़े। पन्ना जिले में वैश्विक हालातों का असर अब साफ़ नजर आने लगा है। शहर के लगभग हर पेट्रोल पंप पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी हुई थी। अचानक बढ़ी इस भारी भीड़ के कारण स्टॉक में भारी कमी आई। जिसके चलते शहर के दो प्रमुख पेट्रोल पंपों को अस्थायी रूप से बंद करना पड़ा। बाकी बचे पंपों पर भी दबाव बढ़ गया हैं। वहीं दूसरी तरफ पन्ना जिला प्रशासन ने पैनिक न फैलाने ओर कालाबाज़ारी रोकने के लिए जनता से अपील कि गयी। लेकिन ये अपील भी बेअसर साबित होती दिख रही है।
लोगों में इस कदर की अफवाह ने जोर पकड़ा है की वह सिर्फ गाड़ियों की टंकियां ही नहीं भरवा रहे। बल्कि भविष्य के डर से कैनों और ड्रमों में भी अवैध रूप से डीजल-पेट्रोल का स्टॉक जमा कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से लगातार शांति बनाए रखने और जरूरत के मुताबिक ही ईंधन लेने की अपील की जा रही है। लेकिन जनता के बीच फैली दहशत के आगे ये तमाम चीजें बेअसर साबित हो रही हैं। आपूर्ति बाधित होने की आशंका ने पन्ना के आम जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है।--