Sagar - दुर्ग-हरिद्वार के बीच 19 अप्रैल से शुरू होगी स्पेशल ट्रेन, सागर दमोह कटनी से होकर गुजरेगी
रेलवे ने यात्रियों की सुविधाओं के लिए दक्षिण पूर्व मध्य रेल बिलासपुर जोन समर सीजन में दुर्ग से हरिद्वार के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। रेलवे के अनुसार इस ट्रेन का 19 अप्रैल से 30 जून के बीच दोनों ओर से कुल 11 फेरे संचालन होगा।
यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में रास्ते के रायपुर, भाटापारा, उसलापुर, पेंड्रा रोड, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, कटनी मुड़वारा, दमोह, सागर, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, ग्वालियर, धौलपुर, आगरा कैंट, मथुरा, कोसी कला, हजरत निजामुद्दीन, मेरठ सिटी, रुड़की स्टेशनों पर रुकेगी
गाड़ी संख्या 08743 दुर्ग-हरिद्वार एक्सप्रेस 19 अप्रैल से 28 जून 2026 तक प्रति रविवार दुर्ग से सुबह 11 बजे रवाना होगी और रास्ते के स्टेशनों पर रुकते हुए रात 8:48 बजे दमोह, रात 9:50 बजे सागर रुकते हुए अगले दिन सोमवार की शाम 5:30 बजे हरिद्वार पहुंचेगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 08744 हरिद्वार-दुर्ग एक्सप्रेस 20 अप्रैल से 29 जून तक प्रति सोमवार शाम 6:55 बजे हरिद्वार से रवाना होकर अगले दिन मंगलवार दोपहर 2:05 बजे सागर व दोपहर 3:25 पर दमोह रुकते हुए रात 3 बजे दुर्ग पहुंचेगी।
रेल सेवा सुधार समिति अध्यक्ष रवि सोनी ने बताया कि रेल मंत्रालय ने पिछले 15 दिन में उत्तर पश्चिम रेलवे की 23, दक्षिण पश्चिम रेलवे की 19, पश्चिम रेलवे की 10 जोड़ी ट्रेनों को स्पेशल से नियमित ट्रेन के रूप में परिचालन की अनुमति दे दी है। इसी क्रम में ट्रेन नंबर 03251/52 दानापुर-बेंगलुरू एक्सप्रेस व 04149/50 दानापुर-पुणे एक्सप्रेस ट्रेनों को भी नियमित परिचालित करते हुए इन ट्रेनों को वाया सतना, मुड़वारा, दमोह, पथरिया, सागर, मालखेड़ी, भोपाल करते हुए परिचालन शुरू कराना चाहिए। सोनी ने बताया कि मुड़वारा से मालखेड़ी रेलमार्ग पर पुणे और बेंगलुरू जाने कोई भी ट्रेन नहीं है। वहीं ट्रेन नंबर 04165/66 कानपुर छतरपुर एक्सप्रेस को ललितपुर-सागर होते हुए दमोह तक परिचालित करना चाहिए