सागर यूनिवर्सिटी के जंगलों में भीषण आग, जलती बीडी सिगरेट फेंकने से फैली आग, ऐसे पाया काबू
सागर के डॉ. हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय के जंगल में शनिवार रात आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। धुआं और लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों को सूचना दी गई।
साथ ही स्थानीय लोगों ने आग बुझाने की मशक्कत शुरू की। फायर फाइटर को सूचना दी गई। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया।
दरअसल, गर्मी का मौसम शुरू होने के साथ ही जंगल में पेड़ों के पत्ते झड़ने लगे हैं। बड़ी मात्रा में सूखे पत्ते डले हुए हैं। जिससे जंगल में अक्सर आग लगने का खतरा रहता है। इसी बीच शनिवार को विश्वविद्यालय के जंगल में अचानक आग लग गई।
जंगल से धुआं उठता देख आसपास घूम रहे लोग मौके पर पहुंचे। जहां आग सूखे पत्तों में लगी थी। लेकिन देखते ही देखते आग ने पेड़ और बांस के झाड़ों को चपेट में ले लिया। लोगों ने तुरंत विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मियों को आग की सूचना दी। सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंची।
लोगों की मदद से आग को बुझाने की मशक्कत शुरू की गई। फायर फाइटर को सूचना दी गई। लेकिन जिस स्थान पर आग लगी, वहां फायर गाड़ी नहीं पहुंच पा रही थी। ऐसे में लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
रोजाना सुबह और शाम के समय विश्वविद्यालय क्षेत्र में घूमने वाले लोगों ने बताया कि विश्वविद्यालय के जंगल में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। अक्सर बीड़ी, सिगरेट पीते हुए उन्हें देखा जाता है। संभवतः किसी ने बीड़ी-सिगरेट पीकर फेंकी होगी, इससे यह आग लगी गई है। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है।