Sagar - 5 महीने पहले बेटी ने की थी लव मैरिज, मायके वालों ने प्रेमी को रास्ते से उठाया, कर दी धुनाई
सागर में लव मैरिज से नाराज लड़की के प्रेमी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि प्रेमिका के मायके पक्ष के लोगों ने नए-नए दूल्हे बने लड़के को रास्ते से उठाया और फिर अपने घर ले जाकर मारपीट की, जिससे लड़का बुरी तरह घायल हो गया। इसके बाद उसे बांधकर घर के पीछे फेंक दिया। पति का फोन स्विच ऑफ आने पर पत्नी को शक हुआ। जब वह अपने घर पहुंची, तो उसके घर वाले लड़के की पिटाई कर रहे थे। इसके बाद मकरोनिया थाना पुलिस को बुलाया गया, जहां घर से टूटा फोन और बाइक बरामद हुई थी। लेकिन इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने की वजह से बेटी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर अपने ही परिजनों के खिलाफ शिकायत कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
मिली जानकारी के अनुसार, मकरोनिया के गंभीरिया की रहने वाली पूजा पटेल ने अधिवक्ताओं के साथ पहुंचकर बताया कि 5 महीने पहले उन्होंने अभिषेक पटेल के साथ लव मैरिज की थी। इसकी वजह से उसके परिजन नाराज हैं और अब तक चार बार अभिषेक के साथ मारपीट कर चुके हैं। इस बार तो घर में बंद कर पानी डाल-डालकर पीटा है। वह बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है। यह घटना 23 मार्च की रात 10:00 बजे की बताई जा रही है। एक हफ्ता होने के बाद भी ठोस कार्रवाई नहीं होने से एसपी से गुहार लगाई गई है।