सागर- IPL का खुमार हुआ शुरू, गढ़ाकोटा में मनोरंजन के लिए लगाई गई LED,मैच का हुआ प्रसारण
आईपीएल का 19वां सीजन शुरू हो गया है और क्रिकेट प्रेमियों में इसका गजब का खुमार भी देखने को मिल रहा है। इसी बीच सागर जिले के गढ़ाकोटा में मुख्य बाजार में एक बड़ी LED स्क्रीन लगाई गई है, जिसमें मैच का प्रसारण किया गया। इस दौरान काफी लोगों ने इसका लुत्फ भी उठाया। दरअसल, इसका शुभारंभ पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने किया है। बताया गया कि इस LED को मनोरंजन के उद्देश्य से यहां पर लगाया गया है, जिसका मकसद मनोरंजन तो है, साथ ही प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
बता दें कि गढ़ाकोटा में नगर पालिका द्वारा मुख्य बाजार में 10 बाय 13 साइज की एचडी एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिसका मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने रिमोट का बटन दबाकर लोकार्पण किया। साथ ही कार्यक्रम को संबोधित किया। इस मौके पर गोपाल भार्गव द्वारा अतीत के मनोरंजन के साधनों में रेडियो, रामलीला समेत अपनी पुरानी यादों को साझा किया गया। साथ ही कहा कि यह अत्याधुनिक स्क्रीन नगरवासियों के मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय व्यवसायों और संस्थाओं के विज्ञापन प्रसारण के उद्देश्य से स्थापित की गई है।
इस पहल से न केवल नगर के लोगों को महत्वपूर्ण जानकारियां, सांस्कृतिक कार्यक्रम और उपयोगी संदेश सहज रूप से मिलेंगे, बल्कि स्थानीय व्यापारियों को भी अपने उत्पाद और सेवाओं के प्रचार-प्रसार का एक सशक्त माध्यम मिलेगा। स्क्रीन पर नगर के मुख्य चौक-चौराहे, सरकारी भवन, पार्क, साथ ही नगर के प्रमुख स्थलों को दिखाया जा रहा है। साथ ही इस स्क्रीन के माध्यम से शासन की योजनाओं और नगर में संचालित कार्यों के अलावा सौंदर्यीकरण को दिखाया जा रहा है। वहीं, आईपीएल का सीजन भी शुरू हो चुका है। इसकी शुरुआत मैच का प्रसारण करके की गई।
नगर के नागरिकों का कहना है कि एलईडी स्क्रीन लगने से यह सभी के लिए काफी उपयोगी है। इस मौके पर नपाध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, सीएमओ धनंजय गुमास्ता समेत कई लोगों की मौजूदगी रही।