सागर- ट्रेक्टर-ट्रॉली से हो रही थी शराब सप्लाई, 56 हजार की शराब के साथ 3 आरोपी पकड़े SAGAR TV NEWS
ट्रेक्टर-ट्रॉली से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा था। सूचना मिलने के मिलने के बाद पुलिस ने धर पकड़ करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनके पास से 120 लीटर अवैध शराब जप्त की गयी है। मामला सागर जिले के बीना क्षेत्र के आगासौद थाना इलाके का है। जहां मंडी बामौरा पुलिस चौकी टीम ने कार्यवाई को अंजाम दिया। शराब को छिपाकर रखा गया था। जप्त शराब की कीमत 56 हजार रूपये बताई जा रही है।
बताया जा रहा है की पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी की एक ट्रैक्टर-ट्रॉली द्वारा अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर आगासौद थाना प्रभारी नितिन पाल द्वारा टीम गठित कर मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम द्वारा मण्डी बामौरा स्थित ढाबे के सामने घेराबंदी कर कुल्हार की ओर से आ रहे ट्रैक्टर और ट्रॉली को रोककर तलाशी ली गई। इस दौरान ट्रॉली में बांस के नीचे छिपाकर रखी गई देशी शराब की 14 पेटियां कुल 120 लीटर शराब जब्त की गई है।
पुलिस ने राजू उर्फ राजकुमार कुशवाहा निवासी ग्राम खजरौद, राकेश अहिरवार निवासी वार्ड क्रमांक 01, गल्ला मंडी के पीछे, मण्डी बामौरा, जीतेन्द्र अहिरवार निवासी सदर को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा जप्त 14 पेटी शराब की कीमत करीब 56 हजार रूपए, साथ ही एक ट्रैक्टर और ट्रॉली कीमत करीब 6 लाख रुपए इस तरह कुल 6 लाख 56 हजार रुपए का मशरूका बरामद किया गया है। इसको लेकर चौकी प्रभारी प्रदीप कुमार जाटव ने जानकारी दी।