सागर में मौसम का बड़ा उलटफेर, रात में झमाझम बारिश, आधे शहर की बिजली गुल !
सागर में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दिनभर जहां तेज धूप और गर्मी ने लोगों को परेशान किया, वहीं सोमवार रात को आंधी और झमाझम बारिश ने पूरे माहौल को बदल दिया।
रात होते ही तेज हवाएं चलने लगीं और कुछ ही देर में बारिश शुरू हो गई। करीब 15 मिनट तक हुई तेज बारिश ने सड़कों को पानी से लबालब कर दिया। कई इलाकों में पानी बहने लगा, तो वहीं तेज हवाओं के चलते शहर के आधे हिस्से की बिजली सप्लाई भी ठप हो गई।
हालांकि इस बारिश ने गर्मी से राहत जरूर दी है। वातावरण में ठंडक घुल गई और रात के तापमान में करीब 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार सुबह सागर का अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहा।
बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो सागर में 2.7 मिमी, बीना में 12.2 मिमी, मालथौन में 3 मिमी और केसली में 2.3 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही जारी है, जिससे कभी धूप तो कभी छांव का मौसम बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण यह सिस्टम सक्रिय हुआ है। इसके चलते पूरे मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है।
विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले 3 दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। 2 अप्रैल को एक और मौसम प्रणाली सक्रिय होने की संभावना है, जिसमें पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा। इसका असर मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में फिर देखने को मिल सकता है।
सागर में अगले 24 घंटों में बादल छाए रहने और 3 अप्रैल को फिर से बारिश होने की संभावना जताई गई है।
कुल मिलाकर, मौसम का यह बदला मिजाज जहां लोगों को गर्मी से राहत दे रहा है, वहीं अचानक बदलाव से सतर्क रहने की भी जरू