सागर में इतिहास रचेगा 11 अप्रैल, संत शिरोमणि सेन जी महाराज की प्रतिमा का भव्य अनावरण
मध्य प्रदेश के सागर शहर में 11 अप्रैल का दिन ऐतिहासिक बनने जा रहा है। इस दिन पूजनीय संत शिरोमणि सेन जी महाराज की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा, साथ ही सेन चौराहे का नामांतरण भी किया जाएगा। यह आयोजन न सिर्फ सेन समाज के लिए गौरव का विषय है, बल्कि शहर की सांस्कृतिक पहचान को भी नई दिशा देगा। इस बड़े आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। राष्ट्रीय सर्वसेन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष गोरेलाल सेन ने मंगलवार को कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उनके साथ प्रदेश पदाधिकारी मयंक सेन, युवा प्रदेश महामंत्री गणेश सेन, संभागीय मीडिया प्रभारी सतीश सेन समेत समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए प्रशासन और समाज दोनों स्तरों पर व्यापक तैयारी की जा रही है। आयोजकों का कहना है कि यह सिर्फ एक अनावरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज की एकता, परंपरा और सम्मान का प्रतीक बनेगा। इस अवसर पर कई दिग्गज नेताओं की मौजूदगी भी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला, पूर्व गृहमंत्री और खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सागर महापौर संगीता सुशील तिवारी और सागर विधायक शैलेंद्र जैन शामिल होंगे। आयोजन को सफल बनाने में महापौर संगीता तिवारी और राष्ट्रीय सर्वसेन समाज के पदाधिकारियों की अहम भूमिका बताई जा रही है।
वहीं, संभागीय मीडिया प्रभारी सतीश सेन ने जानकारी देते हुए बताया कि सागर जिले के सभी सेन समाज बंधुओं को इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। उन्होंने अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आयोजन को सफल बनाएं। यह आयोजन न केवल समाज की पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी देगा। 11 अप्रैल को सागर बनेगा आस्था और सम्मान का केंद्र… अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।