चक्रवाती तूफान का कहर, उड़ी छतें, बर्बाद हुई फसलें, गांव में मचा हाहाकार और फिर
मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से तबाही की तस्वीरें सामने आई हैं, जहां तेज बारिश और चक्रवाती तूफान ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बुधवार शाम अचानक बदले मौसम ने ऐसा कहर बरपाया कि ग्रामीणों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बैतूल के देवठान गांव में कुछ ही मिनटों में हालात पूरी तरह बदल गए। तेज आंधी और चक्रवाती हवाओं के चलते कई घरों की छतें उड़ गईं, जिससे लोगों को अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर शरण लेनी पड़ी। गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तूफान का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में कटाई के लिए तैयार गेहूं की फसल, साथ ही सब्जियां और टमाटर की खेती पूरी तरह बर्बाद हो गई। किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही मिनटों में मिट्टी में मिल गई, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। इस प्राकृतिक आपदा का असर बिजली व्यवस्था पर भी देखने को मिला। तेज हवाओं के चलते बिजली के पोल गिर गए और केबल टूट गईं, जिससे पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। कई जगहों पर सड़कें पानी से लबालब नजर आईं, जिससे आवागमन भी प्रभावित हुआ।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहले कभी इतनी तेज आंधी और तूफान नहीं देखा। अचानक आई इस आपदा ने सभी को दहशत में डाल दिया है। अब गांव के लोग प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि जल्द से जल्द नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा और राहत दी जाए, ताकि वे इस मुश्किल घड़ी से उबर सकें। फिलहाल, हालात सामान्य करने की कोशिशें जारी हैं, लेकिन नुकसान का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रकृति का प्रहार… और किसान बेबस। क्या मिलेगी समय पर राहत? अपडेट के लिए बने रहिए हमारे साथ।