धुरंधर 2 के मशहूर किरदार जमील जमाली को मिला टेपा सम्मान, चुटीले अंदाज़ में गुदगुदाया
अपनी अदाकारी से लोगों के दिलों में खास जगह बनाने वाले और हालिया रिलीज फिल्म धुरंधर 2 में शानदार प्रदर्शन करने वाले जमील जमाली यानि राकेश बेदी को एक बड़े सम्मान से नवाजा गया है। उन्हें एमपी के उज्जैन में टेपा की उपाधि से सम्मानित किया गया है। इस दौरान उन्होंने कहा की कॉमेडी में थोड़ी मूर्खता जरूरी है। दरअसल अपनी खास कॉमिक टाइमिंग और दमदार अदाकारी से दशकों तक दर्शकों के दिलों पर राज करने वाले मशहूर अभिनेता राकेश बेदी बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन पहुंचे थे। मौका था विश्व प्रसिद्ध टेपा सम्मेलन का, जहाँ उन्हें प्रतिष्ठित टेपा की उपाधि से सम्मानित किया गया। खास बात यह है कि राकेश बेदी को यह सम्मान दूसरी बार मिला है। इस दौरान उन्होंने अपने करियर के शुरुआती पायदान ये जो है जिंदगी से लेकर हालिया फिल्म धुरंधर 2 तक के दिलचस्प अनुभवों को साझा किया। टेपा सम्मेलन और कॉमेडी के रिश्ते पर चर्चा करते हुए राकेश बेदी ने बड़े ही चुटीले अंदाज में कहा कि टेपा का मतलब फूल (मूर्ख) होता है और मूर्खता का सीधा संबंध कॉमेडी से जुड़ा है। उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि असल में कॉमेडी में हल्की सी मूर्खता का तड़का तो होना ही चाहिए। तभी वह लोगों को हंसा पाती है। अपने लंबे अभिनय सफर पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि मेरा सफर सबके सामने रहा है और मैंने हर किरदार को पूरी शिद्दत के साथ एन्जॉय किया है। भविष्य की योजनाओं और अपनी भूमिकाओं पर बेदी ने साफ़ किया कि उन्होंने कभी किसी स्पेशल रोल की चाहत नहीं पाली। उनके सामने जो भी किरदार आया, उसे उन्होंने बखूबी निभाया। उन्होंने अपनी आने वाली फिल्मों जवानी तो इश्क होना है (डेविड धवन) और शाख-ए-गुल का जिक्र करते हुए बताया कि वे जल्द ही कुछ नए और रोचक किरदारों में नजर आएंगे। उन्होंने यह भी माना कि अब सिनेमा का स्वरूप बदल गया है और कलाकारों के पास काम के कई नए प्रोफेशन और विकल्प खुल गए हैं। जो अभिनय की दुनिया के लिए एक अच्छा संकेत है।