Sagar- महिला की जमीन पर कब्जा ! पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप, न्याय के लिए एसपी ऑफिस पहुंचा परिवार
सागर जिले के बंडा जनपद की ग्राम पंचायत हिंडोरिया से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक वृद्ध महिला ने पंचायत सचिव पर जमीन कब्जाने और मारपीट करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। न्याय की आस में पीड़ित महिला अपने परिवार के साथ सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मिली जानकारी के अनुसार, हिंडोरिया निवासी जनता बाई अहिरवार के पति को शासन की ओर से ग्राम सिगदोनी में करीब 4 एकड़ जमीन का पट्टा मिला था। परिवार इसी जमीन पर खेती कर अपना जीवन यापन कर रहा था। लेकिन वर्ष 2024 में पति की मृत्यु के बाद हालात पूरी तरह बदल गए। आरोप है कि पंचायत सचिव राजवीर सिंह ने इस जमीन पर कब्जा जमा लिया।
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पहले कलेक्टर जनसुनवाई में भी की थी। लेकिन प्रशासन की कथित लापरवाही और उदासीन रवैये से आहत होकर जनता बाई के पुत्र मोनू अहिरवार ने उसी दौरान पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने का प्रयास किया था। हालांकि मौके पर मौजूद अधिकारियों ने स्थिति संभाली और संबंधित राजस्व अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पटवारी द्वारा जमीन का सीमांकन भी कराया गया, लेकिन पीड़ित परिवार को आज तक जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं मिल सका। ताजा घटनाक्रम में गुरुवार सुबह जब परिवार खेत पर काम कर रहा था, तभी पंचायत सचिव, सरपंच और अन्य लोगों ने मौके पर पहुंचकर कथित तौर पर गाली-गलौज की और महिलाओं के साथ मारपीट की। पीड़ित परिवार किसी तरह जान बचाकर मौके से भागा।
पीड़ितों का आरोप है कि उन्होंने थाना बिनायका में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन उनकी शिकायत नहीं लिखी गई। इसके बाद मजबूर होकर परिवार एसपी कार्यालय पहुंचा, जहां उन्होंने न्याय की गुहार लगाई। फिलहाल, प्रशासन की ओर से संतोषजनक कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार ने एसपी कार्यालय में आमरण अनशन की चेतावनी दी है। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन कब तक सख्त कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को न्याय मिल पाता है या नहीं।