सागर- भाजपा स्थापना दिवस पर भव्य आयोजन की तैयारी, 6 अप्रैल को ध्वजारोहण और पूर्व संध्या पर दीपोत्सव
सागर में भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 6 अप्रैल को होने वाले इस विशेष अवसर को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुट गए हैं। स्थापना दिवस के मौके पर संभागीय भाजपा कार्यालय में ध्वजारोहण किया जाएगा, वहीं एक दिन पहले यानी 5 अप्रैल की शाम को दीपोत्सव मनाया जाएगा। तैयारियों को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने शुक्रवार को संचालन टोली की बैठक आयोजित की। इस बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई और व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक के बाद जिला अध्यक्ष स्वयं कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय परिसर में साफ-सफाई और साज-सज्जा में जुटे नजर आए।
जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने इस दौरान कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल एक राजनीतिक संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा और समर्पण की भावना से जुड़ा एक परिवार है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस हर कार्यकर्ता के लिए गर्व और प्रेरणा का अवसर होता है, जिसे पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि सिर्फ जिला स्तर पर ही नहीं, बल्कि सभी मंडलों, बूथों और शक्ति केंद्रों पर भी स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसकी शुरुआत कार्यालय परिसर की साफ-सफाई और सजावट से की गई है, क्योंकि कार्यालय ही कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और प्रेरणा का केंद्र होता है।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने जानकारी दी कि जिला अध्यक्ष ने यमुना ताई मंडल के पदाधिकारियों के साथ भी बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे और नगर निगम भाजपा पार्षद दल के सचेतक शैलेन्द्र ठाकुर ने आजीवन सहयोग निधि के चेक भी जिला अध्यक्ष को सौंपे। इस अवसर पर कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अब सभी की नजरें 6 अप्रैल पर टिकी हैं, जब भाजपा स्थापना दिवस को पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जाएगा।